Basti: पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना चंदों ताल पक्षी विहार

basti

मो.शकील

बस्ती | जिला मुख्यालय से आठ किमी की दूरी पर नगर बाजार क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक चंदों ताल पक्षी विहार इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।इस विशालकाय चंदोताल मे कमल के फूल पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने है। इन दिनों चंदो ताल अपनी अनुपम प्राकृतिक सुंदरता के कारण चर्चा में है। यह ताल स्थानीय निवासियों और पर्यटकों के लिए हमेशा से खास स्थान रहा है। अब कमल के फूलों की खिलखिलाहट से और भी मनमोहक हो गया है। तालाब में खिले गुलाबी और सफेद कमल के फूल न केवल पर्यावरण की सुंदरता को बढ़ा रहे हैं, बल्कि पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र भी बन गए हैं।

स्थानीय प्रशासन और पर्यावरण प्रेमियों की मेहनत से चंदों ताल को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के प्रयास किए गए है। परिणामस्वरूप कमल के फूलों की संख्या में वृद्धि हुई है। सुबह के समय सूरज की किरणें तालाब के शांत जल पर पड़ती हैं तो कमल के फूलय अपनी पूरी छटा बिखेरते हैं,यह नजारा फोटोग्राफी प्रेमियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चंदों ताल का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी है। लोग इसे पवित्र मानते हैं और यहां पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। कमल के फूल जो शुद्धता और आध्यात्मिकता का प्रतीक हैं, इस स्थान की महत्ता को और बढ़ाते हैं। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय व्यापारियों को भी लाभ हो रहा है। लोगों का कहना है कि अगर वन विभाग यहाँ दुकान, नौकायान, पर्यटकों को अन्य सुविधाओं के लिए कोई ठोस पहल करता तो और बड़ी संख्या मे दूर दराज से घूमने आने वाले पर्यटकों मे इजाफा होता।