बस्ती। पैकोलिया थाना क्षेत्र के हड़ही बाजार स्थित सोने व बर्तन की दुकान के सामने से चोरी गए गैस सिलेंडर की बरामदगी कर पुलिस ने दो चोरो को गिरफ्तार किया है। उनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक की भी बरामदगी की है।
चोरी के इस मामले में पीड़ित द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस के अनुसार दुकान के सामने से 25 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गैस सिलेंडर चोरी करने की तहरीर दी गई थी। बताया गया था कि सिलेंडर चोरी करने वाले व्यक्तियों की फुटेज सीसीटीवी कैमरे में मौजूद है। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर हड़ही बाजार से शत्रुघ्न उर्फ जिन्दाबाद दूबे (27), चोरखरी (धुसवा) निवासी सुनील कुमार उर्फ शनि (25), को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर पकड़ीजप्ती मैभिया पुलिया के पास से चोरी गया सिलेंडर बरामद किया गया। चोरी गए सिलेंडर और घटना में प्रयुक्त बाइक को कब्जे में लेते हुए दोनो के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए उन्हे न्यायालय रवाना किया गया।
