बस्ती। छावनी थाना क्षेत्र के छितौना में एक मुठभेड़ के दौरान छावनी पुलिस स्वाट टीम ने पशुओं की चोरी करने वाले 25 हजार रूपए के इनामिया को गिरफ्तार किया। अयोध्या जिले के रौनाही थाना क्षेत्र के शेखपुर निवासी भीम उर्फ नौशाद भैस चोरी के मामले में वांछित था। इसके साथ के तीन अन्य को 7 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था, जबकि वह मौके से फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रूपए का इनाम घोषित किया गया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस, स्वाट टीम ने छितौना के पास उसकी घेराबन्दी की। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पुलिस टीम पर फायर कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्यवाही में दाहिने पैर में गोली लगने के बाद उसकी गिरफ्तारी की गई। घायल अवस्था में प्राथमिक उपचार के लिए उसे सीएचसी विक्रमजोत ले जाया गया। उसके पास से पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा, दो जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तारी बाद पुलिस द्वारा उसके खिलाफ अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की गई। मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए भीम उर्फ नौशाद पर अयोध्या जिले के रौनाही थाने में दो, बस्ती जिले के नगर थाना में एक, छावनी थाना में एक आपराधिक मुकदमा पूर्व में दर्ज है।
