दीपावली मेले में दिखी दिव्यांगो के हुनर और आत्मनिर्भरता की झलक

basti

बस्ती। आचार्य राम चन्द्र शुक्ल पुस्तकालय टाउन क्लब में आयोजित मण्डल स्तरीय दीपावली मेले में दिव्यांगों के हुनर और आत्मनिर्भरता की झलक दिखी। दिव्यांगजनों द्वारा दीपावली पर घरों में सजाने के लिए बनाए दीये, मोमबत्ती, अगरबत्ती, वाल हैंगिंग, पेपर के तोरण, जूट-पेपर बैग, घी, अचार, किताब स्टैंड, बनारसी साड़ी, अचार-मुरब्बा, पापड़, गाय के गोबर से बना फिनायल, शहद, लिफाफा, फ्लावर पॉड व अन्य सामानों ने लोगो को बरबस ही अपनी ओर आकर्षित किया।

दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा आयोजित मेले में युवा विकास समिति, विवेकानंद लोक विकास संस्थान, द एबिलिटी नेटवर्क, टेक महिंद्रा फाउन्डेशन के स्टाल प्रमुख रहे।मुख्य अतिथि गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ल ने स्टालों पर पहुँच कर हौसला बढ़ाया। कहा कि इस मेले ने दिव्यांगजन के हुनर और आत्मनिर्भरता की रोशनी जलाने के लिए समाज को प्रेरित किया है।उप निदेशक दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग लाल जी यादव ने बताया कि इस मेले में मिट्टी के दीपक, आकर्षक मोमबत्तियां, कृत्रिम आभूषण, हथकरघा उत्पाद, सजावटी सामान, पूजा सामग्री, आचार, मुरब्बा, मसाले और अन्य खाद्य सामग्री प्रदर्शित की गई है।

सभी उत्पाद विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों, स्वयं सहायता समूहों, एनजीओ के सहयोग से तैयार किए गए हैं। कहा कि सरकार की इस अनूठी पहल का उद्देश्य दिव्यांगजन को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और सामाजिक सम्मान का मंच प्रदान करना है।इस दौरान रितु पाण्डेय, बृहस्पति कुमार पाण्डेय, प्रशांत द्विवेदी, बालकेश चौधरी, सुरेश पाण्डेय, नीलम मिश्र व अन्य मौजूद रहे।