युवा पीढ़ी को सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेने की जरूरतः ईं. अरविन्द पाल
वकील अहमद सिद्दीकी
बस्ती। देश के प्रथम गृहमंत्री भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर भाजपा द्वारा भव्य पदयात्रा निकाली गई। राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव,सामुदायिक जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से निकली पदयात्रा का शुभारंभ नगर पंचायत बनकटी के संत रविदास नगर बरोहिया से हुआ। हाथों में झंडा, बैनर, सरदार पटेल के विचारों को दर्शाती तख्तियां लिए युवा, महिलाएं, पुरुष, स्थानीय जनप्रतिनिधि पदयात्रा में उत्साह के साथ शामिल हुए। एकता और राष्ट्रवाद का संदेश दिया। पद यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए राम जानकी कन्या इंटर कॉलेज महादेवा चैराहा पहुंची। यहां जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा को सम्बोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ भाजपा नेता ई. अरविन्द पाल ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्र भारत की रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की नींव रखी। आज उनके आदर्शों पर चलकर देश आगे बढ़ रहा है। युवा पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ल, पूर्व जिला अध्यक्ष सुशील सिंह ,निवर्तमान विधायक रवि सोनकर, ब्लाक प्रमुख रघुनाथ सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुरेन्द्र कुमार त्रिपाठी, कुदरहा ब्लाक प्रमुख अनिल कुमार दूबे, बहादुरपुर ब्लाक प्रमुख अभिषेक कुमार, गायघाट अध्यक्ष प्रतिनिधि हरि शंकर त्रिपाठी, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष विवेकानंद शुक्ल,अतुल पाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल रहे। वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता को और मजबूत करने का संकल्प दिवस है। उन्होंने समाज में जागरूकता, विकास और सामूहिक सहभागिता को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
