बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के मटेरा गांव स्थित अंबेडकर पार्क मे स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर देने से लोग आक्रोशित हो गए। पार्क में 20 वर्ष पूर्व से प्रतिमा स्थापित थी। शुक्रवार की रात असामाजिक तत्वों द्वारा प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने की जानकारी होने पर पहुंचे ग्राम प्रधान ने नई प्रतिमा लगवाकर लोगों का रोष शांत किया।
शनिवार को सुबह लोगों ने देखा कि प्रतिमा का सिर व एक हाथ टूट कर चबूतरे पर पडा हुआ है। इसके बाद वहां लोगो का जमावड़ा लग गया। प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने से बाबा साहेब के समर्थक में काफी आक्रोश में थे। सूचना पाकर मौके पर थाना प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे, लोगों को शांत करने की कोशिश की। इस घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ कार्रवाई और नई प्रतिमा लगवाने की मांग करने लगे। आक्रोश को देखते हुए ग्राम प्रधान चंदन सिंह ने वहां तत्काल नई प्रतिमा लगवाने का आश्वासन दिया। तत्काल क्षतिग्रस्त प्रतिमा को हटवा कर वहां नई प्रतिमा स्थापित करा दी।
थाना प्रभारी नगर देवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर माहौल बिगाड़ने वालों का पता लगाया जा रहा है, मामले की जांच की जा रही है।
