बस्ती। एएचटीयू थाना प्रभारी विनय कुमार पाठक ने टीम के साथ विभिन्न मंदिरों, स्थानों पर अभिययान चलाया। अक्षय तृतीया पर होने वाले बाल विवाह की रोकथाम हेतु चलाए गए अभियान के तहत एएचटीयू थाना टीम शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों पर पहुंची। इस बात की जांच किया कि कहीं बाल विवाह जैसी कुरीतियांे को बढ़ावा तो नहीं दिया जा रहा है। पौराणिक भद्रेश्वर नाथ मंदिर, जागेश्वर नाथ मंदिर तिलकपुर एवं बाल विवाह होने के अन्य संभावित स्थानों पर चेकिंग की। मौजूद लोगों को बताया गया कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति है। बाल विवाह करना विधिक अपराध भी है। बाल विवाह से बालक और बालिका के समग्र विकास में बाधा आती है। इससे न केवल सामाजिक क्षति होती है बल्कि मानसिक और शारीरिक समस्याएं भी आती है। बाल विवाह से होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक किया गया। बाल विवाह न करने की हिदायत दी गई, इसके रोकथाम के सम्बन्ध में आम जनमानस को जागरूक किया गया।
वहीं जिला प्रोवेशन अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि अक्षय तृतीया पर जनपद में बाल विवाह की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया गया। ऑपरेशन मुक्ति अभियान के अन्तर्गत बाल विवाह तथा बाल श्रम के विरूद्ध जागरूकता व रेस्क्यू अभियान चलाया गया। अभियान का संचालन महिला कल्याण विभाग द्वारा किया गया। चाइल्ड हेल्पलाइन, जिला बाल संरक्षण इकाई के अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा हेल्प लाइन नं० 1098, 181 1090, 112 के बारे में जानकारी दी गई। आम जनमानस को जागरूक किया गया। योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। स्कूल, कॉलेज, कस्तूरबा विद्यालय, तहसील में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया।
