बस्ती। नगर पालिका परिषद के जिम्मेदारों का शर्मनाक चेहरा सामने आया है। बस्ती नगर पालिका की ट्रैक्टर-ट्रॉली द्वारा मृत गाय को घसीटकर ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे लेकर जागरूक नागरिकों और गौ प्रेमियों में आक्रोश है। लोग नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
बताया जाता है कि बुधवार को दिन में एक मोहल्ले में मृत पड़ी गाय को नगर पालिका परिषद के ट्रैक्टर-ट्रॉली से रस्सी बांधकर सड़क पर घसीटा गया। वहां मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इस कृत्य की निन्दा करते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की,जिसके बाद जिम्मेदारों ने इसकी सुधि ली। लोगो का कहना है कि एक ओर यूपी में बीजेपी की योगी सरकार गोवंश के संरक्षण की बात करती है, गो वंश के संरक्षण के लिए गो आश्रय स्थल और गो शालाएं बनवाये गए हैं, लेकिन वहां भी गोवंश की हालत ठीक नहीं है। उनकी समुचित देखभाल और भूसे चारे का संकट बना रहता है, जिसके चलते गोवंश दम तोड़ देते है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार गोवंश के प्रति कितने संवेदनशील है उसका सच मृत गोवंश को ट्रैक्टर ट्राली से घसीटने के वायरल वीडियो ने उजागर कर दिया है। यह अलग बात है कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा की संस्तुति पर ट्रैक्टर ट्राली चालक की सेवा समाप्त करने की कार्यवाही कर लोगों का आक्रोश दबाने का प्रयास किया गया। यह हाल तब है जब गो सेवा आयोग उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष महेश शुक्ल इसी जिले के निवासी हैं और नगर पालिका क्षेत्र में ही उनका घर है।
