बस्ती। जिले के नगर एवं मुण्डेरवा थाना क्षेत्र निवासी दो व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर जालसाजों ने उनसे शेयर मार्केट में ज्यादा मुनाफा दिलाने और गैस एजेंसी देने के नाम पर 17 लाख 55 हजार से अधिक रूपए ठग लिए। पीड़ितों की तहरीर पर साइबर क्राइम थाना पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी, आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
नगर थाना क्षेत्र के खुटहन निवासी रविन्द्र प्रताप यादव ने साइबर क्राइम थाना पर दी गई शिकायत में बताया है कि उनके मोबाइल पर वाट्सएप् काल , मैसेज कर शेयर मार्केट में ज्यादा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया गया। अपने को शेयर मार्केट का एक्सपर्ट बताकर एक व्यक्ति ने कम समय में अधिक मुनाफा पाने का झांसा दिया। उसे कुछ वाट्सएप् ग्रुप में जोड़ा, ग्रुप में मुनाफे के फर्जी स्क्रीन शाट दिखाए। जब उसे उस पर विश्वास हो गया तो उसने कई बार में अलग- अलग किस्तों में उससे 10 लाख 32 हजार रूपए आन लाइन ट्रांसफर करवा लिए। वह जालसाज की बात पर भरोसा कर उसके बताए अनुसार रूपए भेजता चला गया। काफी समय बीतने के बाद भी जब उसे कोई मुनाफा नहीं मिला तो उसने वाट्सएप् काल करने वाले नम्बर पर सम्पर्क किया, लेकिन उस नम्बर पर सम्पर्क नहीं हो पाया। इसके बाद उसे अपने साथ आनलाइन फ्राड होने का अहसास हुआ।
वहीं मुण्डेरवा थाना क्षेत्र के खड़ौहा उर्फ छविलहा निवासी कृष्णानन्द यादव गैस एजेंसी पाने की लालच में साइबर फ्राड का शिकार हो गए। गैस एजेंसी देने के नाम पर साइबर जालसाज ने उनसे अलग- अलग खातों में आनलाइन 7 लाख 23 हजार 234 रूपए ट्रांसफर करा लिया। उनके अनुसार उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया। उसने गैस एजेंसी देने की बात की। कई बार की बातचीत के दौरान उस पर भरोसा हो गया। इसके बाद उसके बताए अनुसार उसने विभिन्न खातों में रूपए ट्रांसफर कर दिये। लेकिन जब काफी समय बीत जाने के बावजूद गैस एजेंसी नहीं मिली तो उसने उस व्यक्ति से बात करना चाहा, लेकिन सम्पर्क नहीं हो पाया। साइबर फ्राड की जानकारी होने पर उसने साइबर क्राइम थाना पर अपने साथ हुए धोखाधड़ी से अवगत कराया। दोनो मामलों में अज्ञात के खिलाफ बीएनएस, आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच साइबर क्राइम थाना प्रभारी विकास यादव द्वारा की जा रही है।
