राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित पुलिस जूडो प्रतियोगिता में महिला आरक्षी शीतल चतुर्वेदी ने दो स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया यूपी का मान

basti

बस्ती। पुलिस लाइन में तैनात महिला आरक्षी शीतल चतुर्वेदी ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिताओं में लगातार दो स्वर्ण पदक जीतकर उत्तर प्रदेश पुलिस और अपने गृह जनपद लखीमपुर खीरी का नाम रोशन किया है। 2019 बैच की महिला आरक्षी ने असम में आयोजित 9वीं अखिल भारतीय पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता 2024-25 में 45 किलोग्राम भारवर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अर्जित किया।


शेर-ए-कश्मीर इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 10वीं अखिल भारतीय पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता 2025-26 में भी अपने शानदार प्रदर्शन से 45 किलोग्राम भारवर्ग में आंध्र प्रदेश की खिलाड़ी कल्पना कुमारी को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
2024-25 में शीतल चतुर्वेदी ने 32वीं वाहिनी पीएसी, लखनऊ की उत्तर प्रदेश पुलिस पेंचक सिलाट टीम के साथ मिलकर कठिन अभ्यास किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अर्जित कर उत्तर प्रदेश पुलिस का मान बढ़ाया। वहीं 8 से 16 अक्टूबर 2025 तक आयोजित प्रतियोगिता में दूसरा स्वर्ण पदक हासिल कर देश में अपना परचम लहराया।
शीतल ने अपनी इस सफलता का श्रेय प्रशिक्षकों, सहयोगी खिलाड़ियों और उत्तर प्रदेश पुलिस के निरंतर समर्थन को दिया है। भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इसी तरह की मेहनत और लगन के साथ देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताया हैं। उसकी इस सफलता पर उत्तर प्रदेश पुलिस और पुलिस परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है।