बस्ती। नगर पंचायत नगर के श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर वार्ड के चैनपुरवा में योग शिविर, वृद्ध जन सम्मान समारोह आयोजित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने वार्ड के दो बुजुर्गो की आरती उतारी, तिलक लगाया, अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। योग शिविर में योग प्रशिक्षक ने योगाभ्यास कराया,योग से होने वाले लाभ की जानकारी दी।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने अंग वस्त्र प्रदान कर किया सम्मानित
नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने वार्ड निवासी 70 वर्षीय पार्वती देवी और 83 वर्षीय अवधेश कुमार पाण्डेय की समारोह पूर्वक आरती उतारी, तिलक लगाया, अंग वस्त्र प्रदान कर उनको सम्मानित किया। वृद्ध जनों को प्रत्यक्ष ईश्वर का अंश बताते हुए कहा कि अपने बुजुर्गों का सम्मान हमारी संस्कृति और सभ्यता का हिस्सा है।
मॉडल नगर पंचायत बनाने में सभी से सहयोग की किया अपील
कहा कि योग दिवस और वृद्ध जन सम्मान के आयोजन से तन मन दोनों स्वस्थ होता है। उपस्थित जन समुदाय विशेषकर युवाओं से कहा कि अपने वरिष्ठों का सम्मान करें, वरिष्ठों का सम्मान करने से स्वयं का सम्मान बढ़ता है।कहा कि आज के भाग दौड़ के जीवन में नियमित योग और व्यायाम अत्यन्त आवश्यक है, इससे स्वस्थ जीवन शैली का निर्माण सम्भव है। कहा कि आज पूरी दुनिया सनातन की इस प्राचीन विधा को अपना रही है।नगर को देश का एक मॉडल नगर पंचायत बनाने में सभी से सहयोग की अपील किया।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि व पूर्व ब्लाक प्रमुख राना दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि हर माह में एक दिन नगर पंचायत के एक वार्ड में योग दिवस व वृद्धजन सम्मान समारोह आयोजित करने के पीछे मंशा है कि लोग योगासन के प्रति जागरूक होकर उसे अपने दिनचर्या में शामिल करें,अपने बुजुर्गों का सम्मान करना सीखें।
यह रहे मौजूद
शिक्षक परवेज मंसूरी ने सभी को योग तथा व्यायाम के तौर तरीके समझाए, इसके फायदे भी गिनाए। कार्यक्रम का संचालन श्रुति अग्रहरि ने किया। इस अवसर पर सभासद राजेश पाण्डेय राज कुमार चौधरी, कमलेश पाण्डेय,राजेश त्रिपाठी, उमेश चंद्र, मोलहू,देवेश धर द्विवेदी, राकेश पाण्डेय, सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
