बस्ती। जिले के दो थाना क्षेत्रों में घर में घुसकर चोर लाखों रूपए के जेवरात, नगदी चुरा ले गए। चोरी के दोनो मामलों में तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सम्बन्धित थाना पुलिस छानबीन कर रही है।
हरैया थाना क्षेत्र के बेलाड़े शुक्ल गांव निवासी खुशबू तिवारी पत्नी कृष्ण कुमार ने थाने पर दी गई तहरीर में बताया है कि चोर घर के कमरे में घुसकर नगदी और जेवरात चुरा ले गए। उनके अनुसार घर के कमरे में घुसे चोर सोने का कान का झाला, अंगूठी, चैन, मंगल सूत्र, मोबाइल, 50 हजार रूपया नगदी चुराकर चम्पत हो गए।
वहीं नगर थाना क्षेत्र के अगई भगाड़ गांव निवासी अमर मिश्रा उर्फ विकास मिश्रा के घर से चोर जेवरात, नगदी चुरा ले गए। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार घर में घुसे चोर बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखा 55 हजार रूपया नगदी, सोने की चार अंगूठी, एक सीकड़, एक हार, मंगलसूत्र, बच्चों के चांदी की माला, सीकड़, सुई धागा, दो तल्ला कान की झुमकी चुरा ले गए। दोनो मामलों में तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सम्बन्धित थाना पुलिस छानबीन कर रही है।
