मामूली विवाद में चाकू मारकर युवक की हत्या : आरोपी गिरफ्तार

basti


बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के बढ़नी गांव निवासी एक व्यक्ति की मामूली विवाद को लेकर चाकू मार कर हत्या कर दी गई। मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर घटना के कुछ घंटे के भीतर ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी कर पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर उसे न्यायालय के लिए रवाना किया।
बताया जाता है कि नगर थाना क्षेत्र के बढ़नी गांव निवासी राजकुमार उर्फ दिलीप (37) और गांव निवासी बादल के बीच दो हजार रूपए को लेकर विवाद हुआ। इसके चलते आरोपी ने चाकू से राजकुमार पर हमला कर दिया और फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां परीक्षण उपरांत डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक और हत्यारोपी आपस में दोस्त बताए जाते है। शुक्रवार की रात हुई घटना के मामले में मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। देर रात करीब सवा एक बजे पुलिस ने उसे बढ़नी- कप्तानगंज मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। एसओ देवेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतक के पिता सत्य नारायण की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वांछित की गिरफ्तारी कर हत्या में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *